लखनऊ न्यूज डेस्क: कभी देश की नामी हस्तियों का ठिकाना रही लखनऊ की सहारा सिटी अब इतिहास बन चुकी है। लखनऊ नगर निगम ने 170 एकड़ में फैली इस शानदार सिटी को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। यह वही जगह है जहां कभी बॉलीवुड सितारों, उद्योगपतियों, खिलाड़ियों और बड़े नेताओं का आना-जाना आम बात थी। सोमवार को नगर निगम की टीम ने यहां के सभी छह प्रवेश द्वारों को सील कर दिया, जिनके भीतर सुब्रत रॉय का आलीशान बंगला, हेलीपैड, थिएटर और पेट्रोल पंप मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, यह जमीन साल 1995 में मुलायम सिंह यादव सरकार के दौरान सहारा इंडिया कमर्शियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को 30 साल की लीज पर दी गई थी। लेकिन निगम का आरोप है कि कंपनी ने समझौते की कई शर्तों का उल्लंघन किया। इसी कारण पहले नोटिस जारी किया गया और अब कार्रवाई कर पूरी सिटी को कब्जे में ले लिया गया। यह जगह गोमती नगर के विपुल खंड में स्थित है और वर्षों से लोगों के लिए रहस्यमयी रही, क्योंकि यहां आम व्यक्ति की एंट्री नहीं होती थी।
एक समय यह सहारा सिटी रॉय परिवार के भव्य आयोजनों के लिए जानी जाती थी। 2004 में सुशांतो और सीमांतो रॉय की शादी यहां हुई थी, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, अमिताभ बच्चन और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज शामिल हुए थे। लेकिन 2014 में सेबी द्वारा कार्रवाई और सुब्रत रॉय की गिरफ्तारी के बाद इस जगह की रौनक खत्म होने लगी।
सुब्रत रॉय के निधन (14 नवंबर 2023) के बाद सहारा समूह ने कुछ संपत्तियां बेचने की अनुमति सुप्रीम कोर्ट से मांगी थी, लेकिन नगर निगम ने दावा किया कि यह जमीन उनकी नहीं, बल्कि पट्टे पर दी गई थी। लीज उल्लंघन की शिकायतों के आधार पर जांच के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर पूरी सहारा सिटी को सील कर दिया गया, जिससे इस कभी चमकदार साम्राज्य का अब अंत हो गया है।